बक्सर में एसपी के नेतृत्व में औचक वाहन जांच, ब्लैक फिल्म वाली गाड़ियों पर सख्त कार्रवाई
ज्योति प्रकाश चौक पर चला अभियान, तीन दर्जन से अधिक चालकों से वसूला गया जुर्माना

बक्सर में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस ने सख्ती और बढ़ा दी है। मुख्यालय के निर्देश पर शनिवार देर शाम पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य खुद सड़क पर उतरे और नगर के ज्योति प्रकाश चौक पर औचक वाहन जांच अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस की कार्रवाई खास तौर पर ब्लैक फिल्म और काले शीशे लगे वाहनों के खिलाफ केंद्रित रही। जांच के दौरान ऐसी गाड़ियों को रोककर मौके पर ही ब्लैक फिल्म उतरवाई गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहन चालकों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
अचानक शुरू हुए इस अभियान से चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक कार्रवाई से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
जांच के दौरान वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले तीन दर्जन से अधिक चालकों से जुर्माना वसूला गया। पुलिस लगातार वाहनों की सघन जांच कर रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
एसपी शुभम आर्य के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान ज्योति प्रकाश चौक पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। मौके पर एसडीपीओ गौरव पांडे, नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह समेत ट्रैफिक पुलिस की टीम मौजूद रही।
एसपी शुभम आर्य ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश के आलोक में यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अपराधी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।




