
बक्सर अपराधियों के दुस्साहस पर लगाम कसते हुए पुलिस ने इटाढ़ी थाना क्षेत्र से लूटी गई बाइक समेत दो मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस दबिश के कारण अपराधी लूट की बाइकों को धनसोईं थाना क्षेत्र के दुल्फा बधार स्थित खेत में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए थे।
घटना बीती 24 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे की है। सरेंजा-कोरान सराय पथ स्थित महिला व कवलपोखर गांव के बीच अपराधियों ने आतंक मचाते हुए एक टीवीएस राइडर बाइक लूट ली थी। इस दुस्साहसिक वारदात को लेकर दिनारा थाना क्षेत्र के छपरा टोला निवासी स्व. कमला चौधरी के पुत्र पंकज कुमार के बयान पर इटाढ़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस तभी से इन लुटेरों के पीछे हाथ धोकर पड़ी थी।
खेतों में छिपाकर रखी थी बाइकें
पुलिस की सक्रियता और लगातार छापेमारी के कारण अपराधियों में इस कदर खौफ समाया कि वे लूटी गई मोटरसाइकिल को ठिकाने लगाने में कामयाब नहीं हो सके। ऐसे में अपराधियों ने लूटी गई बाइकों को अलग-अलग खेतों में लावारिस हालत में छिपा दिया था। बरामद की गई दूसरी बाइक रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र से लूटी गई थी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
धनसोई थाना क्षेत्र के दुल्फा गांव के बधार में लावारिस हालत में फेंकी गई दो मोटरसाइकिल की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बाइक को जब्त कर थाना ले आई।
बाइक के चेसिस नंबर से मिलान करने पर पता चला कि दोनों वाहन लूट के हैं। जांच में सामने आया कि टीवीएस राइडर बाइक इटाढ़ी थाना क्षेत्र से लूटी गई थी, जबकि होंडा शाइन बाइक रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र से लूट का शिकार हुई थी।

बरामदगी की पुष्टि करते हुए इटाढ़ी के सहायक थानाध्यक्ष दीपक कुमार झा ने बताया कि पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।




