
बक्सर। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को चौसा थर्मल पावर मजदूर यूनियन के बैनर तले यूनियन कार्यालय में भव्य मजदूर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व यूनियन के महामंत्री एवं पूर्व जिला पार्षद अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने किया। समारोह में मजदूर भाइयों, माताओं एवं बहनों का विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मजदूरों से केक कटवाकर की गई। इसके बाद श्रमिकों की आरती उतारी गई, पुष्प वर्षा कर अंगवस्त्र भेंट किया गया तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। समारोह का माहौल पूरी तरह उत्साह और सम्मान से भरा रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि मजदूर वर्ग देश और समाज की असली ताकत है। उनके कठिन परिश्रम, त्याग और समर्पण के बल पर ही राष्ट्र निर्माण और उद्योगों का संचालन संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि खेतों, कारखानों, निर्माण स्थलों, परिवहन और बिजली उत्पादन जैसे हर क्षेत्र में श्रमिकों का योगदान अतुलनीय है। बिना मजदूरों के किसी भी देश की प्रगति अधूरी है।

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश देता है। मजदूरों को उचित वेतन, सुरक्षित कार्यस्थल, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। श्रमिकों के हितों की रक्षा करना सरकार, समाज और संस्थानों की सामूहिक जिम्मेदारी है। चौसा थर्मल पावर मजदूर यूनियन हमेशा मजदूरों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी तथा किसी भी प्रकार के शोषण और अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर बसपा प्रखंड अध्यक्ष विजय राम, मो. सलीम, रामप्रवेश राजभर, दीपक कुमार, नरेंद्र जी, ईश्वर सिंह, भरत पांडेय, इंद्रासन राम, नंदन द्विवेदी, सुनील राम, श्री निवास राम, नसीम साईं, कन्हैया मालाकार, मुन्ना खरवार, मुन्ना चौधरी, पप्पू चौधरी, गोविंद खरवार, बब्लू पाल, दिलबहार चौधरी, संतोष राम, विरेन्द्र राम, राकेश कुमार, श्रीमन पांडेय, नरेंद्र खरवार, ठाकुर कानू, नीलम देवी, कान्ती देवी, सुनीता देवी, शिवकुमारी देवी, मुन्नी देवी, नेहरून निशा और देवनती देवी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।




