मुंडन संस्कार को लेकर रामरेखा घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, शहर में दिनभर लगा रहा जाम

बक्सर। जिला मुख्यालय में सोमवार को मुंडन संस्कार को लेकर रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिले के विभिन्न गांवों समेत आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोग अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराने पहुंचे, जिससे शहर में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
सुबह से ही किला मैदान परिसर वाहनों से पूरी तरह भर गया था। खासकर पुलिस चौकी के पास वाहनों की लंबी कतार लगी रही और वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए। पीपी रोड, स्टेशन रोड तथा बक्सर-कोचस मार्ग पर भी वाहनों का भारी दबाव देखने को मिला। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह पुलिस प्रशासन की तैनाती की गई थी।
गंगा घाटों पर भी काफी भीड़ रही। श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचाने के लिए नावों का परिचालन लगातार होता रहा। इस दौरान कई नावों पर क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर परिचालन किए जाने की भी बात सामने आई। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर निगरानी जारी रही।

दोपहर बाद मुंडन संस्कार संपन्न होने के बाद श्रद्धालु अपने-अपने गांवों की ओर लौटने लगे, जिसके बाद शहर की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
वहीं ब्रह्मपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड के नैनीजोर स्थित उत्तरवाहिनी गंगा नदी के बिहार घाट, बलुआ घाट, पत्थर घाट सहित अन्य घाटों पर भी मुंडन संस्कार को लेकर भारी भीड़ जुटी रही। भोजपुर और बक्सर जिले के सैकड़ों गांवों से लोग अपने बेटे-बेटियों का मुंडन कराने पहुंचे थे। घाटों पर गाजे-बाजे, नाच और डीजे के साथ श्रद्धालु उत्साहपूर्वक संस्कार कार्यक्रम में शामिल होते नजर आए।




