राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर न्याय रथ रवाना, लोगों को किया जाएगा जागरूक

बक्सर। आगामी 9 मई को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा सोमवार को न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार काजल झांब एवं न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार नेहा दयाल मौजूद रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झांब ने कहा कि न्याय रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, गांवों और शहरों में भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और उसके लाभों के प्रति जागरूक करेगा। साथ ही लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
वहीं न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार नेहा दयाल ने बताया कि न्याय रथ के माध्यम से बाल विवाह निषेध अधिनियम, समाधान समारोह कार्यक्रम, राष्ट्रीय लोक अदालत, मानव दुर्व्यवहार, तेजाब हमला एवं मध्यस्थता के लाभ सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि 9 मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी प्रकार के सुलहनीय मामलों का निष्पादन आपसी समझौते के आधार पर किया जाएगा। इसमें आपराधिक मामले, बिजली, बैंक, माप-तौल, वन विभाग, सड़क दुर्घटना तथा यातायात से जुड़े मामलों का भी निपटारा किया जाएगा।




