BlogOthers

महदह में भक्ति का महासंगम, हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली भव्य जलभरी यात्रा

बक्सर। जिले के इटाढ़ी पुलिस लाइन के समीप स्थित कालरात्रि नव दुर्गा धाम, महदह में लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंदिर परिसर से निकली भव्य जलभरी यात्रा में हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा क्षेत्र “हर-हर गंगे” और “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा।

यह विशाल जलभरी यात्रा महदह से प्रारंभ होकर बक्सर रेलवे स्टेशन और अंबेडकर चौक होते हुए पवित्र रामरेखा घाट पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का पूजन कर कलश में जल भरा और पुनः मंदिर परिसर के लिए प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। “राधे-राधे” और “जय माता दी” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस दौरान सैकड़ों छोटी-बड़ी गाड़ियां यात्रा में शामिल रहीं, जबकि ऊंट श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। रास्ते भर लोगों की भारी भीड़ इस अनोखी झांकी को देखने उमड़ती रही।

यात्रा को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति पूरी तरह मुस्तैद दिखी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह स्वागत शिविर लगाए गए थे, जहां पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर और आसपास का इलाका रंग-बिरंगी रोशनी एवं आकर्षक धार्मिक सजावट से सजा रहा, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंदिर के महंत श्री द्वारिका जी महाराज ने बताया कि महायज्ञ के दौरान गंगापुत्र त्रिदंडी स्वामी द्वारा श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। वहीं आयोजन समिति के सदस्य अमित सैनी ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में भजन-कीर्तन, प्रवचन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
पूरे आयोजन ने बक्सर में भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता की अनूठी मिसाल पेश की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!