बक्सर में नाव निबंधन को लेकर सख्ती, रामरेखा घाट और महादेव घाट पर विशेष शिविर
डीएम के निर्देश पर अभियान तेज, बिना रजिस्ट्रेशन नाव चलाना होगा दंडनीय

बक्सर: जिला पदाधिकारी बक्सर के आदेशानुसार अनुमंडल क्षेत्र में नावों के निबंधन और नाविकों को अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को बक्सर प्रखंड के रामरेखा घाट और चौसा प्रखंड के महादेव घाट पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में राजस्व अधिकारी बक्सर, नगर परिषद के नगर प्रबंधक, मोटर यान निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नाव मालिकों और नाविकों से आवेदन प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, बक्सर अनुमंडल क्षेत्र में नाव निबंधन एवं अनुज्ञप्ति के लिए कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि चौसा अंचल क्षेत्र से एक आवेदन जमा किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष शिविर गुरुवार, 07 मई 2026 को भी पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक रामरेखा घाट (बक्सर) और महादेव घाट (चौसा) पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शेष बचे नाविकों से आवेदन लिए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने बताया कि गंगा नदी में बड़े पैमाने पर नावों का संचालन होता है, जिसे सुरक्षित और नियंत्रित करने के लिए सभी नावों का निबंधन अनिवार्य कर दिया गया है। डीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी नाव बिना निबंधन के संचालित नहीं होगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना निबंधन और अनुज्ञप्ति के नाव संचालन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।




