BlogOthers

विश्व रेड क्रॉस दिवस पर बक्सर में रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, डीएम साहिला ने किया उद्घाटन

बक्सर। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, बक्सर द्वारा शुक्रवार को रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी सह रेड क्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष साहिला द्वारा झंडोत्तोलन के साथ हुई। इसके बाद रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन डीएम साहिला ने किया। इस दौरान सचिन राय, गुड्डू जायसवाल, मुकेश कुमार और वीरेंद्र कुमार सहित कई लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। वहीं, रेड क्रॉस सोसाइटी को सहयोग करने वाली संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत “मानवता में एकजुटता” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों ने अपने विचार रखते हुए समाज सेवा और आपदा प्रबंधन में रेड क्रॉस की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

डीएम साहिला ने रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था को और मजबूत बनाकर सुदूर इलाकों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां भी जरूरत होगी, जिला प्रशासन रेड क्रॉस के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

एडीएम अरुण कुमार ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सोसायटी के योगदान की सराहना की। वहीं एसडीएम अविनाश कुमार, सिविल सर्जन बक्सर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस सचिव डॉ. श्रवण तिवारी ने किया। उन्होंने पिछले वर्ष किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

मौके पर सौरभ तिवारी, दीपक अग्रवाल, राजीव सिंह, सतेंद्र सिंह, ओम जी यादव, निसार अहमद, मनोज राय और अविनाश जायसवाल द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर रेड क्रॉस सदस्य इफ्तखार अहमद, जमाल, स्नेहाशीष वर्धन, नंदू पाण्डेय, डॉ. पीके पांडेय, डॉ. दिलशाद अहमद, सुरेश संगम, ब्रजकिशोर सिंह सहित मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष एवं अन्य सदस्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!