BlogOthersPolitics

भोजपुर-सह-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव : बक्सर के सभी 11 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान, 97.48% हुआ मतदान

बक्सर। बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र 06-भोजपुर-सह-बक्सर के उप निर्वाचन 2026 के तहत बक्सर जिले के सभी 11 मतदान केंद्रों पर मंगलवार को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी में पूरे जिले में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराया गया।

जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला तथा पुलिस अधीक्षक बक्सर, श्री शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान कार्य में लगे कर्मियों एवं सुरक्षा बलों को सतर्कता एवं सक्रियता के साथ निर्वाचन कार्य संपन्न कराने का निर्देश दिया।

वहीं, सुपर जोनल दण्डाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त उप विकास आयुक्त बक्सर, श्रीमती निहारिका छवि एवं अपर समाहर्त्ता बक्सर, श्री अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का जायजा लिया। उनके नेतृत्व में 11 सेक्टर दण्डाधिकारी, 6 जोनल दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराते रहे।

मतदान समाप्ति के बाद जारी आंकड़ों के अनुसार बक्सर जिले में कुल मतदान प्रतिशत 97.48 रहा। इसमें पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 98.06 जबकि महिला मतदाताओं का प्रतिशत 96.97 दर्ज किया गया।

विशेष बात यह रही कि केसठ एवं चौगाई प्रखंड कार्यालय में स्थापित मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो मतदाताओं के उत्साह एवं लोकतंत्र के प्रति जागरूकता को दर्शाता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!