CrimeOthers

बक्सर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, ई-रिक्शा की टक्कर से किशोरी घायल

बक्सर। जिले के अहिरौली मोड़ के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने साइकिल सवार किशोरी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोरी को सड़क से हटाकर प्राथमिक उपचार कराया गया तथा परिजनों को सूचना दी गई। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में किशोरी के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका सिर फट गया। हालांकि इस दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। टक्कर लगने के बाद किशोरी सड़क किनारे गिर गई, जबकि उसकी साइकिल पीछे से आ रहे ट्रक के नीचे चली गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि किशोरी ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार किशोरी साइकिल से बक्सर नगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति में आ रहे ई-रिक्शा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ई-रिक्शा लेकर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई ई-रिक्शा चालक ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए गलत दिशा में वाहन चलाते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!