
बक्सर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में बक्सर के हेरिटेज स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के छात्र किसलय मिश्रा ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर साइंस संकाय में जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं आदित्य रंजन ने 95.8 प्रतिशत तथा वैष्णवी राय ने 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने गुरुवार को अर्जुनपुर स्थित स्कूल परिसर में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
श्री ईश्वर मुनि एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित सीबीएसई संबद्ध (10+2) हेरिटेज स्कूल ने इस वर्ष भी शत-प्रतिशत परिणाम की परंपरा कायम रखी। विद्यालय के अधिकांश विद्यार्थियों ने 80 और 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

उल्लेखनीय सफल विद्यार्थियों में अंशु चौरसिया ने 88.2 प्रतिशत, लावण्या मात्या ने 87.4 प्रतिशत, मुस्कान ने 84.4 प्रतिशत, वंदना ने 83.6 प्रतिशत, शुभ केशरी ने 82.4 प्रतिशत, कृष्णा लोहिया ने 82.2 प्रतिशत तथा रुद्र शांडिल्य ने 81.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इस वर्ष आदित्य रंजन ने भौतिकी विषय में शत-प्रतिशत 100 अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। वहीं पेंटिंग विषय में भी तीन विद्यार्थियों ने 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम पाठक, निदेशक डॉ. प्रदीप पाठक एवं प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी ने सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर और गुलाल लगाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप पाठक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियों से घबराने के बजाय आत्मविश्वास और सही दिशा में मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।




