
बक्सर (केसठ), रिपोर्ट– गिरीश कुमार द्विवेदी।
केसठ प्रखंड के केसठ दक्षिण डेरा निवासी और सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत 57 वर्षीय मोहम्मद असलम का रविवार को दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले करीब दो माह से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे और दिल्ली में उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की सूचना मिलते ही गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मोहम्मद असलम जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अंकुर सेक्टर में सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। अपने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं मिलनसार स्वभाव के कारण वे विभाग के साथ-साथ समाज में भी अत्यंत सम्मानित माने जाते थे।
जानकारी के अनुसार, असलम ने दिल्ली में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से पटना लाया गया और वहां से सड़क मार्ग से पैतृक गांव केसठ पहुंचाया गया।

गांव पहुंचते ही उमड़ा जनसैलाब, माहौल हुआ गमगीन
तिरंगे में लिपटा हुआ उनका पार्थिव शरीर जैसे ही गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी जुबैदा खातून, पुत्र-पुत्रियों सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
इस दौरान सीआरपीएफ के दर्जनों जवानों ने उन्हें सलामी देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम सलामी के समय पूरा माहौल गमगीन हो उठा। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ शव यात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग शामिल हुए।
पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार सिंह उर्फ गामा पहलवान, बीडीसी सदस्य असलम, कमलेश कुमार एवं सुनील कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मोहम्मद असलम का निधन समाज और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
अंत में केसठ कब्रगाह में नम आंखों के बीच उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे।




