
बक्सर रिपोर्ट– गिरीश कुमार द्विवेदी केसठ – प्रखंड क्षेत्र के डुमरांव रजवाहा नहर में चल रहे गार्ड वाल निर्माण कार्य एवं झाड़ी सफाई के नाम पर की जा रही मिट्टी कटाई को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। राजद के वरिष्ठ नेता सह डुमरांव विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से उच्च स्तरीय तकनीकी जांच की मांग की है।
उन्होंने जिला पदाधिकारी बक्सर एवं सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवेदन सौंपकर कहा है कि गार्ड वाल निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री एवं दोयम दर्जे की ईंटों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता, मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

राजद नेता ने यह भी आरोप लगाया कि नहर की झाड़ियों की सफाई के नाम पर जेसीबी मशीन से नहर किनारे बड़े पैमाने पर मिट्टी कटाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि रजवाहा के समानांतर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क स्थित है और मिट्टी कटने से सड़क पर मिट्टी खिसकने का खतरा बढ़ गया है। आगामी बारिश के दौरान सड़क पर मिट्टी जमा होने से दुर्घटनाएं हो सकती हैं तथा आवागमन भी प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने आशंका जताई कि कटाई की गई मिट्टी नहर में गिरने से रजवाहा जाम हो सकता है, जिससे आगे के गांवों तक सिंचाई का पानी पहुंचना बंद हो जाएगा। इससे हजारों किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।
सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच हो तथा दोषी संवेदक एवं संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही घटिया सामग्री हटाकर मानक के अनुरूप दोबारा निर्माण कराने और कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।




