बिजली की चपेट में आने से मजदूर की मौत

बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के मुसाफिरगंज वार्ड संख्या-14 में घरेलू कार्य के दौरान बिजली की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान छोटू यादव के 30 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम लक्ष्मण यादव एक घर में बिजली से संबंधित कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वे करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों एवं परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन नगर थाना पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि लक्ष्मण यादव मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




