गोला बाजार में किराना दुकान में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के गोला बाजार स्थित एक किराना दुकान में मंगलवार की देर शाम अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, गोला बाजार स्थित भोलाराम छोटू लाल की किराना दुकान में देर शाम अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगते ही दुकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया,

आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। घटना के दौरान गोला बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई थी।




