
बक्सर। इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरना की अध्यक्षता जिला दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन राम इकबाल ठाकुर ने किया।
धरना को संबोधित करते हुए सरोज राजभर ने कहा कि रेलवे गुमटी खोलने का मामला आम जनता से जुड़ा है। जब तक गुमटी नहीं खोली जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि 18 जुलाई (शनिवार) को सुबह 10 बजे से रेल रोको आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने रेल मंडल प्रबंधक और जिला प्रशासन से जनहित में जल्द निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि जनता की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
आंदोलन के समर्थन में जागरूकता अभियान भी चलाया गया। सरोज राजभर ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रेल रोको आंदोलन में शामिल होने की अपील की। स्थानीय लोगों ने कहा कि रेलवे गुमटी बंद होने और रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के क्षतिग्रस्त होने से उन्हें करीब सात किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है।





