BlogOthers

एमपी उच्च विद्यालय में ‘साइबर मंगलवार’ कार्यक्रम. डीएम व एसपी ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

बक्सर. बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को एमपी उच्च विद्यालय, बक्सर में “साइबर मंगलवार” जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से भाग लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम साहिला ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग या ओटीपी संबंधी जानकारी साझा नहीं करें. साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाना को सूचना दें.

एसपी शुभम आर्य ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय और साइबर अपराध होने पर त्वरित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है.

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया. साथ ही साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं. उपस्थित छात्र-छात्राओं ने स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया.

कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!