
बक्सर/पटना। कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) के संचालकों की ओर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 10 दिनों से जारी भूख हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गयी। आंदोलनकारियों ने सरकार द्वारा उनकी मांगें स्वीकार किये जाने के बाद अनशन समाप्त करने की घोषणा की। ‘KYP संकल्प’ के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन की समाप्ति के बाद संचालकों में खुशी का माहौल है।
आंदोलन से जुड़े लोगों के अनुसार, KYP संचालकों की मांगों को लेकर सरकार के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई। इस दौरान प्रमुख मांगों पर सहमति बनने और लिखित आश्वासन मिलने के बाद भूख हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। हालांकि, मांगों के क्रियान्वयन की स्थिति पर आगे भी नजर रखने की बात आंदोलनकारियों ने कही है।
आंदोलन को आगे बढ़ाने में कोर कमेटी के सदस्य रवि रंजन चौबे और अमरनाथ मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि राज्यभर के KYP संचालकों की एकजुटता और संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि 10 दिनों तक चले आंदोलन के बाद सरकार की ओर से मांगों को लेकर सकारात्मक पहल की गयी है।

वहीं, धनंजय कुमार और अमित पाठक ने कहा कि आंदोलन के दौरान संचालकों की मांगों को मजबूती से अधिकारियों के समक्ष रखा गया। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर लिखित समझौता होने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया है। संचालकों को उम्मीद है कि समझौते के अनुसार उनकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जायेगा।
आंदोलन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और संचालकों को एकजुट रखने में अजय कुमार और विवेक कुमार की भी भूमिका रही। अनशन स्थल पर दोनों ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त करायी।
भूख हड़ताल समाप्त होने की सूचना के बाद राज्यभर के KYP सेंटरों से जुड़े संचालकों में खुशी की लहर दौड़ गयी। संचालकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और आंदोलन की सफलता पर खुशी जतायी। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी एकजुटता आगे भी बनी रहेगी और मांगों के क्रियान्वयन को लेकर संगठन सक्रिय रहेगा।




