
बक्सर. औद्योगिक थाना क्षेत्र में सोमवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर सीएसपी संचालक से बैग लूट लिया. घटना हरिकिशुनपुर गांव जाने वाली सड़क पर रात करीब नौ बजे की बतायी जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम और औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार, औद्योगिक थाना क्षेत्र के एनएच-922 स्थित चुरामनपुर पुरानी चट्टी में यूनियन बैंक का सीएसपी संचालित करने वाले स्थानीय निवासी रघुवीर खरवार सोमवार की रात दुकान बंद कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान हरिकिशुनपुर गांव जाने वाली सड़क पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया. बदमाशों ने पहले उनसे हरिकिशुनपुर गांव जाने का रास्ता पूछा. इसी दौरान एक बदमाश ने हथियार सटाकर उनकी पीठ पर लटका बैग छीन लिया. इसके बाद दोनों बदमाश धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गये.

पीड़ित के भाई विजय खरवार ने बताया कि बैग में करीब 40 हजार रुपये नकद, फिंगरप्रिंट सेंसर मशीन, दुकान की चाबी, पहचान पत्र समेत कई जरूरी दस्तावेज रखे थे. घटना के बाद पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
इधर, औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.



