
बक्सर. अश्लील गीत के विरोध में राष्ट्रीय नाई महासभा, बक्सर की ओर से मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित ज्योति प्रकाश चौक पर प्रदर्शन किया गया. इस दौरान कथित रूप से नाई समाज को लक्ष्य कर अश्लील गीत गाने वाले गायक गणेश लाजवाब यादव का पुतला दहन किया गया. पुतला दहन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने गायक के खिलाफ नारेबाजी की.
पुतला दहन के बाद राष्ट्रीय नाई महासभा के जिलाध्यक्ष दिनानाथ ठाकुर ने कहा कि अश्लील गीत गाने वाले गायक के खिलाफ साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. उन्होंने कहा कि गायक से संबंधित अश्लील गीत को सोशल साइट से हटाने, नाई समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गयी है. साथ ही बिहार सरकार से ऐसे गीतों पर रोक लगाने और दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की गयी है.
महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजमोहन ठाकुर ने कहा कि भोजपुरी के नाम पर अश्लील गीतों को समाज में परोसने से सामाजिक विद्वेष फैलता है. उन्होंने सरकार से ऐसे कलाकारों पर तत्काल कार्रवाई करने और अश्लील गीतों के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि वैशाली जिले के निवासी गायक गणेश लाजवाब यादव ने नाई समाज को लक्ष्य कर गीत गाया है, जो निंदनीय है. उन्होंने गायक से सोशल साइट से गीत हटाकर नाई समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की.

उन्होंने कहा कि अश्लील गीतों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और कठोर सजा का प्रावधान होना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
कार्यक्रम में महासभा के जिला मीडिया प्रभारी राम एकबाल ठाकुर, विनोद कुमार ठाकुर, रंजन ठाकुर, मंटू ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र ठाकुर, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजू ठाकुर, जगदीश ठाकुर, वशिष्ठ ठाकुर, पिंटू ठाकुर, रामजी ठाकुर, मिथिलेश ठाकुर, ललिता स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर, महिला नेत्री कृष्णावती देवी, अजीत राम, बीरबल रजक, प्रसाद, मनोज कुशवाहा समेत अन्य लोग मौजूद रहे.



