BlogOthers

बिहार सेंट्रल स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर सेमिनार, बच्चों के चरित्र निर्माण को बताया महत्वपूर्ण

बक्सर. शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी. इस अवसर पर विद्यालय में ‘वर्तमान परिप्रेक्ष्य और सामाजिक मूल्य’ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर की.

इस अवसर पर सचिव सरोज सिंह ने कहा कि विश्व के महान व्यक्तित्वों के विचार आज भी मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं. महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के कार्य, विचार और जीवन-दर्शन हमें सत्यनिष्ठा, सादगी और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने कहा कि महान व्यक्तित्वों की जयंती केवल समारोह तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनके विचारों के छोटे से अंश को भी अपने व्यवहारिक जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए.

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन-दर्शन आज के दौर में भी उतना ही प्रासंगिक है. सामाजिक हिंसा और आधुनिक जीवनशैली की विसंगतियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने गांधी के आदर्शों पर आधारित समाज के निर्माण तथा लाल बहादुर शास्त्री जैसे सादगीपूर्ण और राष्ट्रनिष्ठ व्यक्तित्व से प्रेरणा लेने की आवश्यकता बतायी.

विद्यार्थियों ने भी रखे विचार

सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किये. कक्षा सातवीं की छात्रा रागिनी ने गीत के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन-दर्शन को प्रस्तुत किया. वहीं कक्षा सातवीं की छात्रा अर्चना ने अपने भाषण में समाज में बच्चों के चरित्र निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला.

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने भी सामाजिक मूल्यों, नैतिकता और विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण को लेकर अपने विचार रखे. शिक्षकों ने विद्यार्थियों को महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेकर बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सेमिनार का समापन हुआ.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!