BlogOthers

पिंडदान कर अयोध्या जा रहे यात्रियों की बस का एक्सीडेंट, ट्रक से टक्कर में 23 घायल

बक्सर. वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पर सोमवार की अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. गया से पिंडदान कर अयोध्या जा रही केरल के यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस पुल के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गयी. हादसे में बस चालक रमेश स्वामी समेत 23 यात्री घायल हो गये. चालक को गंभीर चोटें आयी हैं, जबकि अन्य घायलों का इलाज बक्सर सदर अस्पताल में कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद कुछ यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी.

जानकारी के अनुसार, केरल से 27 यात्रियों का दल टूरिस्ट बस से गया में पिंडदान करने पहुंचा था. पिंडदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी अयोध्या के लिए रवाना हुए. बताया जाता है कि बस रविवार की रात करीब 10 बजे गया से चली थी. सोमवार की सुबह करीब तीन बजे बस वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु से होकर उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने वाली थी. इसी दौरान पुल के समीप सड़क किनारे खड़े लॉरी/ट्रक में बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.

चालक को झपकी आने की बात

हादसे के समय बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे. बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर आगे खड़े ट्रक से टकरा गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला और इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया.

चार यात्रियों को अधिक चोट

घायल यात्री के. स्वामी ने बताया कि हादसे के समय करीब तीन बजे वह बस में सो रहे थे. अचानक तेज आवाज हुई और जोरदार झटका लगा. टक्कर के बाद वह अपनी सीट के आगे वाली सीट से जा टकराये, जिससे उन्हें चोट लग गयी.

वहीं, घायल यात्री राम राव ने बताया कि बस में सवार लगभग सभी यात्रियों को चोटें आयी हैं. इनमें चार यात्रियों को अपेक्षाकृत अधिक चोट लगी है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि चालक को झपकी आने के कारण बस सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकरा गयी. हालांकि अधिकांश यात्री खतरे से बाहर हैं. मामूली रूप से घायल कुछ यात्री प्राथमिक उपचार कराने के बाद बक्सर स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से आगे के लिए रवाना हो गये.

23 यात्री घायल

हादसे में घायल यात्रियों में के. वेणु राव (50), के. राजेश्वरी राव (52), के. नारायण राव (48), के. स्वामी राव (60), के. विजयल राव (55), के. संपत राव (60), पी. इलैया (62), जी. राम रेड्डी (70), जी. राजू रेड्डी (51), के. संपत (57), वी. सर्वैया (50), बी. इलैया (66), वी. रामा राव (53), टी. एहेशिया (72), पी. वेंकट राव (55), टी. संपत राव (54), टी. नरसिंह राव (60) और जी. राजेश्वरी राव (67) समेत अन्य यात्री शामिल हैं. हादसे में बस चालक रमेश स्वामी को सबसे अधिक चोटें आयी हैं और उसका इलाज जारी है.

पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया

औद्योगिक थाना अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गयी थी. सभी घायलों को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया. उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!