
बक्सर. शहर के किला मैदान के समीप नगर परिषद द्वारा संचालित रैन बसेरा परिसर में बुधवार को जरूरतमंदों और गरीबों के लिए ‘माई की रसोई’ की शुरुआत की गयी. नगर परिषद सभापति कमरून निशा के संयोजन में समाजसेवी ओम जी यादव एवं सुमित मानसिंहका द्वारा शुरू की गयी इस पहल का उद्घाटन सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम के महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने फीता काटकर किया.
उद्घाटन के बाद महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने रसोई परिसर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने ओम जी यादव एवं सुमित मानसिंहका को इस पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे जरूरतमंदों की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
10 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन

‘माई की रसोई’ के माध्यम से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक मात्र 10 रुपये में जरूरतमंद लोगों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जायेगा. इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध कराना है.
समाजसेवी ओम जी यादव ने बताया कि बक्सर के नागरिकों के आशीर्वाद से शहर के रेलवे स्टेशन पर पहले से रोटी बैंक के माध्यम से प्रत्येक रात जरूरतमंदों को नि:शुल्क भोजन कराया जा रहा है. इस दौरान लगातार ऐसे लोगों को देखा गया, जो दिन में भोजन के लिए भटकते हैं. इसी जरूरत को देखते हुए ‘माई की रसोई’ की योजना तैयार की गयी और अब इसे धरातल पर उतारा गया है.
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति भूखा न रहे और उसे सम्मान के साथ भोजन मिल सके.
‘भूखे को भोजन कराने से बड़ी कोई सेवा नहीं’
उद्घाटनकर्ता महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने कहा कि जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने से बड़ी सेवा कोई नहीं है. उन्होंने ‘माई की रसोई’ को नि:स्वार्थ सेवा का उदाहरण बताते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए इस तरह की व्यवस्था बेहद सराहनीय है.
उन्होंने कहा कि समाज में कई तरह के सेवा कार्य होते हैं, लेकिन किसी भूखे व्यक्ति को भोजन उपलब्ध कराना सीधे तौर पर मानव सेवा से जुड़ा कार्य है. ‘माई की रसोई’ की शुरुआत समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है.
चुनावी कार्ययोजना में शामिल था रैन बसेरा में रसोई का सपना
नगर परिषद सभापति कमरून निशा ने कहा कि जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था करना उनके चुनाव के दौरान तैयार की गयी कार्ययोजना में शामिल था. अब समाजसेवी ओम जी यादव एवं सुमित मानसिंहका के सहयोग और संचालन से रैन बसेरा परिसर में इस योजना को मूर्त रूप दिया गया है.
उन्होंने कहा कि रैन बसेरा परिसर में शुरू हुई यह रसोई गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी. नगर परिषद की ओर से इस तरह के जनहितकारी कार्यों में हरसंभव सहयोग दिया जायेगा.
रक्तवीर प्रियेश रंजन ने की सराहना
समाजसेवी सह रक्तवीर प्रियेश रंजन ने ‘माई की रसोई’ की शुरुआत की सराहना करते हुए कहा कि महज 10 रुपये में जरूरतमंदों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराना बेहद नेक और पुनीत कार्य है. इस प्रकार की पहल समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती है.
उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी ‘माई की रसोई’ की पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए उपयोगी कदम बताया.
उद्घाटन में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. श्रवण तिवारी, बबन सिंह, पंकज मानसिंहका, नियामतुल्ला फरीदी, सुरेश संगम, हरिशंकर गुप्ता, रंजन राय, उमेश कुमार, झब्बू जी, हिटलर कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में वार्ड पार्षद, समाजसेवी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे.
‘माई की रसोई’ की शुरुआत के साथ अब बक्सर शहर के जरूरतमंद लोगों को प्रतिदिन दोपहर के समय महज 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध होगा. यह पहल सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना की दिशा में शहर में एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में देखी जा रही है.



