
बक्सर: नगर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शांतिनगर में छापेमारी कर 30 पुड़िया हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है. बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 11.6 ग्राम बताया गया है. पुलिस ने मौके से एक लीटर विदेशी शराब भी बरामद की. मामले में पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, शांतिनगर निवासी सोना देवी अपनी बेटी रानी राजभर के सहयोग से बाहर से हेरोइन और शराब लाकर घर में छिपाकर बेचने का काम करती थी. पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली थी. सूचना का सत्यापन करने के बाद एसपी बक्सर के निर्देश पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
घर में की गयी विधिवत छापेमारी

गठित टीम ने सूचना के आधार पर शांतिनगर स्थित आरोपितों के घर पर छापेमारी की. इस दौरान सोना देवी, पति स्व. बुधन राजभर और उसकी बेटी रानी राजभर को गिरफ्तार कर लिया गया. घर की तलाशी के दौरान 30 पुड़िया हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 11.6 ग्राम बताया गया है. इसके अलावा एक लीटर विदेशी शराब भी पुलिस ने बरामद की.
मामले को लेकर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जारी
सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, मुन्ना कुमार यादव, अनिशा भारती सहित नगर थाना बक्सर के सशस्त्र बल शामिल थे.



