
बक्सर। आगामी धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण के लिए बक्सर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल दंडाधिकारी अविनाश कुमार ने की. इसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय, नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह समेत स्वर्ण व्यवसायी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे.
बैठक में पर्व के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाये रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. अधिकारियों ने स्वर्ण व्यवसायियों को मुख्यालय से जारी सुरक्षा निर्देशों की जानकारी देते हुए दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को कहा. व्यवसायियों को दुकान के मुख्य प्रवेश द्वार पर कम से कम एक सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया. साथ ही दुकानों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उन्हें सुचारू रूप से चालू रखने को कहा गया.
अधिकारियों ने स्वर्ण व्यवसायियों को किसी भी आपात स्थिति से निबटने के लिए दुकानों में इमरजेंसी सायरन लगाने का निर्देश दिया. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया.

स्वर्ण व्यवसायियों की मांग पर बढ़ेगी पुलिस गश्ती
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने कहा कि स्वर्ण व्यवसायियों की मांग को देखते हुए प्रमुख स्थानों पर पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जायेगी. पर्व के दौरान शहर में पुलिस गश्ती भी तेज की जायेगी, ताकि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी ढंग से रोक लगायी जा सके. उन्होंने व्यवसायियों से भी पुलिस के साथ समन्वय बनाये रखने की अपील की.
6 से 8 नवंबर तक लागू रहेगा तैयार रूट चार्ट
अनुमंडल दंडाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रूट चार्ट तैयार किया गया है. नो-एंट्री को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं. उन्होंने बताया कि 6 से 8 नवंबर तक यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तैयार रूट चार्ट के अनुसार व्यवस्था संचालित की जायेगी.
शांति समिति के सदस्यों से सहयोग की अपील
बैठक में शांति समिति के सदस्यों से पर्व के दौरान आपसी सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गयी. पुलिस-प्रशासन की ओर से असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया गया.
अधिकारियों ने कहा कि धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा. लोगों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गयी.



