Crime

बक्सर में दिनदहाड़े 17 वर्षीय किशोर को मारी गोली, इलाके में मची अफरातफरी

बाइक सवार दो युवकों ने रास्ते में घेरकर की मारपीट, एक युवक पर फायरिंग का आरोप; पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका

बक्सर। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार दो युवकों ने एक 17 वर्षीय किशोर को रास्ते में घेरकर गोली मार दी। गोली किशोर के बाएं हाथ की हथेली को चीरते हुए पार हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना चौसा गड़ही दिवाल के पास की बताई जा रही है।

घायल की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नरबतपुर निवासी राधेश्याम चौधरी के 17 वर्षीय पुत्र मोहित चौधरी के रूप में हुई है। मोहित ने बताया कि वह अपने साथी के साथ बाइक से महादेवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चौसा गर्ल्स हाईस्कूल के पास पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर उसके साथ मारपीट करने लगे।

मोहित के अनुसार, इसी दौरान नरबतपुर निवासी 18 वर्षीय विकास ठाकुर ने कमर से पिस्टल निकालकर उस पर गोली चला दी। गोली उसके बाएं हाथ की हथेली को पार करते हुए निकल गई। घटना के वक्त बाइक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चुन्नी गांव निवासी दिव्यांशु चला रहा था।

बताया जाता है कि चार दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई थी। इसी पुरानी रंजिश को लेकर गोलीबारी की घटना को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घायल मोहित ने विवाद का स्पष्ट कारण नहीं बताया है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

अस्पताल पहुंचकर डीएसपी ने घायल से की पूछताछ

गोलीबारी की सूचना मिलते ही बक्सर डीएसपी गौरव पांडेय सदर अस्पताल पहुंचे और घायल मोहित से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। डीएसपी ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना में शामिल आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की

घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड सदस्य चंदन चौधरी और बच्चालाल चौधरी भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!