अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में चंदन-चांदनी ने बढ़ाया बक्सर का मान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने दी बधाई

बक्सर। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित 15वीं AMPC एशियन बायथल, ट्रायथल एवं लेजर रन चैंपियनशिप-2026 में बक्सर के भाई-बहन चंदन कुमार साहनी और चांदनी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और बिहार का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि बक्सर के कमहरिया गांव के इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता में चांदनी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया, जबकि उनके भाई चंदन कुमार साहनी ने दो रजत पदक अपने नाम किए।
पंकज उपाध्याय ने कहा कि दोनों भाई-बहन की यह सफलता पूरे बक्सर जिले और बिहार के लिए गौरव की बात है। सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में ऐसी प्रतिभाओं को उचित प्रोत्साहन, संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा और वे भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ाएंगे।
अंत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चंदन कुमार साहनी और चांदनी कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर सफलता की कामना की।




