
बक्सर. पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से इजरी गांव में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया. साबित खिदमत फाउंडेशन (एसकेएफ) एवं ह्यूमन राइट्स सोशल जस्टिस (एचआरएसजे) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में ग्रामीणों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
अभियान के दौरान गांव में विभिन्न प्रकार के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए. इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं ग्लोबल वार्मिंग से बचाव के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए. उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है.

साबित खिदमत फाउंडेशन एवं ह्यूमन राइट्स सोशल जस्टिस के सदस्यों ने बताया कि संस्था की ओर से आगामी एक वर्ष में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए जनसहयोग की अपील की गई.
अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “एक व्यक्ति-एक पौधा” का संकल्प लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश दिया.
मौके पर डॉक्टर दिलशाद आलम, राहुल कुमार, मंजेश यादव, रितिक कुमार, सोनू वर्मा, मनु कुमार, शमशाद सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे.




