
बक्सर। ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का बक्सर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से गिरोह के सक्रिय सदस्य सुजीत पासवान को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बक्सर साइबर थाना कांड संख्या 05/23 के तहत की गई।
80 हजार की ठगी से खुला साइबर अपराध का नेटवर्क
साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी अविनाश कश्यप ने बताया कि डुमरांव के स्टेशन रोड स्थित विष्णु नगर निवासी विकास कुमार ने 12 जुलाई 2023 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का प्रलोभन देकर कई किश्तों में उनसे 80 हजार रुपये की ठगी कर ली।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आईपीसी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम कोलकाता पहुंची और आरोपी सुजीत पासवान को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
देश के कई राज्यों में फैला था जाल
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पश्चिम बंगाल का निवासी है और उसका साइबर ठगी का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था। डीएसपी अविनाश कश्यप के अनुसार, आरोपी के खिलाफ देशभर में अब तक 16 साइबर शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। वहीं, बक्सर समेत विभिन्न राज्यों के थानों में उसके विरुद्ध तीन प्राथमिकी दर्ज होने की भी पुष्टि हुई है।
बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच
पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल नंबरों तथा डिजिटल लेन-देन की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि इस गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
डीएसपी अविनाश कश्यप ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में आकर शेयर ट्रेडिंग, लॉटरी या अन्य आकर्षक योजनाओं में निवेश न करें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।




