
बक्सर। बिहार की नव निर्वाचित एनडीए सरकार के कार्यकाल के छह महीने पूरे होने पर जन सुराज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बक्सर लोकसभा प्रभारी दिवाकर पाठक ने बक्सर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनता से किए गए बड़े-बड़े वादे जमीनी स्तर पर पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दिवाकर पाठक ने कहा कि सरकार ने पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, जिसके अनुसार प्रतिदिन लगभग 5476 युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि छह महीने में लगभग 9.85 लाख नौकरियां दी जानी चाहिए थीं, लेकिन वास्तविकता यह है कि बिहार का युवा आज भी बेरोजगारी और पलायन के लिए मजबूर है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के मात्र 25 प्रतिशत मजदूरों को ही बिहार में काम मिल पा रहा है, जबकि 71 प्रतिशत मजदूर रोजगार के लिए अन्य राज्यों में पलायन कर रहे हैं।
उन्होंने BPSC TRE-4 भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने छात्रों के साथ वादाखिलाफी की है। चुनाव से पहले नोटिफिकेशन जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन कर रहे छात्रों पर केस दर्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण को लेकर किए गए वादों पर भी उन्होंने सवाल उठाए और नीट छात्रा हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि समय पर चार्जशीट दाखिल न होने के कारण आरोपियों को जमानत मिलना सरकार की गंभीर विफलता है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेटियों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
दिवाकर पाठक ने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहार की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी स्तर पर अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 20 मई 2026 से “बिहार नवनिर्माण अभियान” के नए चरण की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत प्रशांत किशोर बिहटा स्थित बिहार नवनिर्माण आश्रम में रहकर राज्यभर में संगठन और जनसंवाद को मजबूत करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।




