BlogOthers

डॉ. केके मंडल महिला महाविद्यालय में शिक्षक दिवस पर दिखा उत्साह

बक्सर. शहर के नया बाजार स्थित डॉ. केके मंडल महिला महाविद्यालय में शुक्रवार, 5 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोह उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया. महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति तथा महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया. मुख्य अतिथि महाविद्यालय के सचिव सह बक्सर सदर के पूर्व विधायक हृदय नारायण सिंह, विशिष्ट अतिथि चंदेश्वर नारायण समेत अन्य अतिथियों ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की. इसके बाद अतिथियों एवं शिक्षकों ने केक काटकर डॉ. राधाकृष्णन का जन्मदिन मनाया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य अनिल कुमार ने की.

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हृदय नारायण सिंह ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एक आदर्श शिक्षक थे. उन्होंने अपने ज्ञान, शिक्षा और व्यक्तित्व के बल पर देश के उपराष्ट्रपति एवं राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च संवैधानिक पदों तक पहुंचकर पूरे शिक्षक समाज को गौरवान्वित किया. शिक्षक समाज के निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षक का स्थान सदैव सर्वोच्च एवं सम्माननीय रहेगा.

छात्राओं ने शिक्षकों को किया सम्मानित

कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के वरीय प्राध्यापक प्रो. रामाधार सिंह के साथ छात्रा रौशनी कुमारी एवं रिया कुमारी ने किया. छात्राओं साक्षी कुमारी, नंदनी वर्मा, साक्षी सिंह, रूबी कुमारी एवं नेहा कुमारी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्राओं ने महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं प्राध्यापकों को डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया. सम्मान पाकर शिक्षकों ने छात्राओं के प्रति आभार जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

वहीं, महाविद्यालय में आयोजित प्रेमचंद जयंती कार्यक्रम में भाग लेने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि हृदय नारायण सिंह ने प्रतिभागी छात्राओं को मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया. पुरस्कार मिलने पर छात्राओं में काफी उत्साह दिखा.

शिक्षक-छात्राओं के बीच दिखा आत्मीयता का माहौल

समारोह में प्रो. परमहंस सिंह, इंद्रमणि लाल, धीरेंद्र कुमार, रवि कुमार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, सुरेंद्र सिंह यादव, अल्पना वर्मा, मनोरमा कुमारी, जमील अख्तर, पंकज कुमार, मनोज कुमार, सूर्य नारायण सिंह, अखिलेश कुमार सिन्हा, सरफराज अहमद, रामनाथ सिंह समेत महाविद्यालय के अन्य शिक्षक-प्राध्यापक मौजूद रहे. बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी समारोह में भाग लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में शिक्षक-छात्राओं के बीच सम्मान, आत्मीयता और उत्साह का माहौल बना रहा. अंत में शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!