
बक्सर। दुर्गापूजा के अवसर पर साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय के संयुक्त तत्वावधान में चीनी मिल क्षेत्र में लगातार दसवें वर्ष निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया है। शिविर में पूजा-पंडाल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हैं।
अस्पताल के निदेशक सह मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय के बिहार प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि शिविर में दुर्घटना में लगी चोट, घाव, पुरानी चोट से होने वाली परेशानी, दर्द, बुखार समेत अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों से चली आ रही सेवा परंपरा को इस वर्ष भी पूरी टीम समर्पित भाव से आगे बढ़ा रही है।
डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि मानव सेवा संगठन की प्राथमिकता है। सभी सहयोगियों के प्रयास से शिविर का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि यह शिविर हजारों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होगा।

पूजा पंडाल की व्यवस्था की सराहना
शिविर में मौजूद डॉ. खालिद, बीडीएस व डेंटल सर्जन ने चीनी मिल क्षेत्र में बनाये गये पूजा पंडाल और आयोजन व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां हर वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए बेहतर व्यवस्था की जाती है। इस वर्ष भी आयोजकों ने पंडाल में श्रद्धालुओं के लिए अच्छी व्यवस्था की है।
डॉ. उद्वल ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, पूजा समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया।
गंभीर मरीजों को अस्पताल भेजे जाने पर तत्काल उपचार
डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि साबित खिदमत अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सा सेवा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि शिविर में किसी श्रद्धालु की स्थिति गंभीर होने पर उसे अस्पताल भेजे जाने की स्थिति में अस्पताल की टीम तत्काल उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करायेगी।
मौके पर प्रगतिशील शक्तिपीठ के रोहित चतुर्वेदी सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे। अभिमन्यु, डॉ. खालिद, डॉ. उद्वल, डॉ. मनीष कुमार समेत अन्य चिकित्सकों के साथ साबित खिदमत अस्पताल एवं मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय से जुड़े राहुल, अरुण कुमार पांडेय, अरुण कुमार सिंह, नासिर, नसीम, सुनील समेत अन्य सदस्यों ने शिविर के संचालन में सहयोग किया।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर वे शिविर में उपलब्ध निःशुल्क चिकित्सा सेवा का लाभ उठाएं।



