
बक्सर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के सफर को समर्पित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत बुधवार को नगर परिषद बक्सर की ओर से नगर भवन में भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में स्कूली बालिकाओं, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियों और स्वच्छता साथियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संकल्पों को रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित किया. आकर्षक रंगों और मनमोहक कलाकृतियों से सजी रंगोलियां कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहीं.
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद की मुख्य पार्षद कमरुन निशा ने किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सरकार की ओर से निर्धारित महत्वपूर्ण कार्यक्रम है. रंगोली जैसी रचनात्मक कला के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है.

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से महिलाओं और छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है. साथ ही विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी आम लोगों तक रचनात्मक तरीके से पहुंचती है.
कार्यक्रम में स्थायी सशक्त समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, चक्रवर्ती चौधरी, दीपक सिंह, शहबाज अख्तर, मनोज गुप्ता, हिटलर कुमार कुशवाहा और जय तिवारी समेत अन्य पार्षद एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे.
नगर परिषद की टीम ने संभाली व्यवस्था
आयोजन को सफल बनाने में नगर परिषद बक्सर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. नगर प्रबंधक राजमणी गुप्ता के साथ मनोज केशरी, विजय चौरसिया, नवीन पाण्डेय, कुमार अविनाश और मो. वाहिद ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सक्रिय सहयोग किया. वहीं, मोनालिशा प्रशिक्षण संस्थान के विनोद सिंह ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया.



