बक्सर में पहली बार क्रिकेट का महासंग्राम! कर्मभूमि कप में भिड़ेंगी 16 टीमें, विजेता को ₹2.5 लाख का इनाम

बक्सर. जिले में पहली बार बड़े स्तर पर कर्मभूमि कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है. टेनिस बॉल से खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 28 अक्टूबर तक किया जाएगा. टूर्नामेंट को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. वहीं, क्रिकेट खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में भी आयोजन को लेकर उत्साह है.
कर्मभूमि कप की सबसे खास बात इसकी आकर्षक इनामी राशि है. प्रतियोगिता की विजेता टीम को 2.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जायेगा, जबकि उपविजेता टीम को 1.5 लाख रुपये की राशि प्रदान की जायेगी. बड़ी इनामी राशि के कारण प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलने की उम्मीद है.
आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट का उद्देश्य स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है. प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. आयोजन को भव्य बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं.

कर्मभूमि कप के अध्यक्ष अजय मंसिंहका हैं, जबकि गब्बर सिंह और रोहित सिंह आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. प्रेस वार्ता के दौरान दीपक यादव, शमीम अंसारी, राकेश सिंह और कुंदन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे. आयोजकों ने बताया कि 24 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस क्रिकेट महासंग्राम को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह है.



