
बक्सर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बक्सर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन की अध्यक्षता में तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम संयोजिका और नगर परिषद बक्सर की पूर्व चेयरमैन मीना सिंह के नेतृत्व में हुआ.
कार्यक्रम के दौरान बक्सर गोलंबर परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन बड़ी संख्या में आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना. इसके बाद ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गयी, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने भाग लिया.
यात्रा के समापन के बाद सेवा ज्योति को बक्सर गोलंबर पर स्थापित किया गया. इस अवसर पर कार्यक्रम की संयोजिका मीना सिंह ने घोषणा करते हुए कहा कि बक्सर गोलंबर का नामकरण अब ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में किया जाएगा.

कार्यक्रम में बिहार भाजपा के प्रदेश मंत्री प्रभाकर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. मौके पर राजेश सिन्हा, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कंचन देवी, रमेश गुप्ता, लक्ष्मण शर्मा, विनोद राय, रोहित मिश्रा और राणा प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आम लोग मौजूद रहे.



