ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत RPF की कार्रवाई, मोबाइल चोर गिरफ्तार


बक्सर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दानापुर उदय सिंह पवार के आदेशानुसार एवं निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान यात्री का मोबाइल चोरी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर विजेंद्र मुवाल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षी अशोक कुमार एवं सीआईबी दानापुर के प्रधान आरक्षी वीरेंद्र कुमार गुप्ता की संयुक्त टीम बक्सर रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रही थी।
इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 2-3 के पूर्वी साइड पर रात करीब 8:45 बजे एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही वह भागने लगा, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक अदद महंगा स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने गाड़ी संख्या 15484 डाउन में यात्रा कर रहे एक सोए हुए यात्री का मोबाइल फोन चोरी किया था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गुड्डू नट (उम्र करीब 22 वर्ष), पिता सहेंद्र नट, निवासी ग्राम बेलवानिया, थाना बिहिया, जिला भोजपुर के रूप में हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए अभियुक्त को जीआरपी बक्सर के सुपुर्द कर दिया गया है।
RPF बक्सर ने बताया कि ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत यात्रियों के सामानों की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।



