
बक्सर। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए मद्य निषेध विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़े गंगा पुल स्थित वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 34 लाख 46 हजार रुपये मूल्य की 2871.720 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया गया है।
मद्य निषेध विभाग के अनुसार चेकपोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में ऊपरी पुल पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान चंडीगढ़ से आ रहे एक संदिग्ध अशोक लीलैंड ट्रक को रोका गया। जांच के दौरान ट्रक के ऊपरी हिस्से में सड़े-गले आमों की टोकरियां लदी मिलीं। प्रथम दृष्टया यह फलों से लदा सामान्य वाहन प्रतीत हो रहा था, लेकिन संदेह के आधार पर जब टीम ने आम की टोकरियां हटाकर नीचे तलाशी ली तो भारी मात्रा में विदेशी शराब की पेटियां बरामद हुईं।
मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के रामशहर नंद निवासी रवि कुमार (27) के रूप में की गई है। पूछताछ में उसने बताया कि शराब की खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी।

325 पेटी शराब बरामद
ट्रक से कुल 325 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई, जिसमें विभिन्न ब्रांड की कुल 2871.720 लीटर शराब शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 34 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है।
तस्करों ने अपनाया नया तरीका
मद्य निषेध अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि तस्करों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए सड़े हुए आमों की टोकरियों का सहारा लिया था, ताकि दुर्गंध के कारण वाहन की गहन जांच न हो सके। हालांकि, पुख्ता सूचना और टीम की सतर्कता के चलते शराब की इस बड़ी खेप को पकड़ लिया गया।
उन्होंने बताया कि बरामद शराब की खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी। मामले में गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है तथा शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।





