BlogCrimeEntertainmentOthersPolitics

बलिहार की ठाकुरबाड़ी में 12 दिनों तक गूंजा कृष्ण नाम, भव्य भंडारे के साथ महोत्सव संपन्न

अखंड कीर्तन में कलाकारों ने बांधा समां, भक्ति गीतों पर देर तक झूमे श्रद्धालु

बक्सर. सिमरी प्रखंड के बलिहार गांव स्थित ठाकुरबाड़ी में नवयुवक कृष्ण जन्माष्टमी मठिया पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच संपन्न हो गया. भगवान श्रीकृष्ण के बरही के उपलक्ष्य में आयोजित महोत्सव के दौरान 12 दिनों तक ठाकुरबाड़ी में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया. इस दौरान पूरा गांव कृष्ण भक्ति में डूबा रहा.

महोत्सव के तहत 14 सितंबर से शुरू हुए अखंड कीर्तन की मंगलवार को विधिवत पूर्णाहुति हुई. अखंड कीर्तन में प्रसिद्ध कीर्तन कलाकार मनोज सिंह, धनजी दुबे, संजीत सिंह, सोनू पांडेय और सोनू कुमार ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया. भजन-कीर्तन के दौरान ठाकुरबाड़ी परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंजता रहा.

पूर्णाहुति के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत महाभिषेक किया गया और छप्पन भोग लगाया गया. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ. इसमें दूर-दराज से पहुंचे साधु-संतों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.

महोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी गायक मुकुल सिंह और आशीष राय ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया. कलाकारों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे.

महोत्सव को लेकर गांव के बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं में खासा उत्साह रहा. आयोजन को सफल बनाने में समिति के नवयुवकों ने कई दिनों तक सक्रिय भूमिका निभायी. श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ और उत्साह ने बलिहार गांव की कृष्ण भक्ति की जीवंत परंपरा को एक बार फिर सामने रखा.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!