बिहार सेंट्रल स्कूल में विश्वकर्मा पूजा के साथ मनाया गया सचिव सरोज सिंह का जन्मदिन

बक्सर. विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर गुरुवार को शहर के बाइपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा की गयी. इस दौरान विद्यालय परिसर में मौजूद सभी वाहनों की भी पूजा की गयी. विद्यालय की सुख-समृद्धि, प्रगति और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी.
पूजा में यजमान के रूप में विद्यालय के सचिव एवं शिक्षाविद सरोज सिंह शामिल हुए. उन्होंने विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर विद्यालय के टॉपर छात्र समेत शिक्षक, कर्मचारी और अन्य सदस्य मौजूद रहे. पूजा के बाद सभी के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
जन्मदिन भी मनाया गया
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर विद्यालय परिसर में सचिव सरोज सिंह का जन्मदिन भी उत्साह के साथ मनाया गया. विद्यालय परिवार के शिक्षकों, छात्रों और कर्मचारियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की. इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा.



