BlogOthers

राजस्व कार्यों की समीक्षा को बक्सर पहुंचे अपर सचिव, डुमरांव व सदर अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण

बक्सर। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार के अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल ने शनिवार को बक्सर जिले का दो दिवसीय आधिकारिक भ्रमण शुरू किया। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित राजस्व कार्यों, ऑनलाइन राजस्व सेवाओं, अभिलेखों के संधारण और भूमि संबंधी मामलों के निष्पादन की समीक्षा की।

अपर सचिव ने सबसे पहले डुमरांव अंचल कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन राजस्व सेवाओं, जमाबंदी अद्यतीकरण और उत्तराधिकार के आधार पर नामांतरण की स्थिति की जानकारी ली। वहीं, नवंबर में वासविहीन परिवारों को भूमि पर्चा उपलब्ध कराने के लिए प्रस्तावित विशेष अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद अपर सचिव ने बक्सर सदर अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अभिलेखागार के रख-रखाव, राजस्व अभिलेखों के संधारण तथा ऑनलाइन राजस्व सेवाओं के संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों और राजस्व कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली।

समीक्षा के दौरान अपर समाहर्ता बक्सर, भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर एवं डुमरांव तथा संबंधित अंचल अधिकारियों को राजस्व कार्यों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया गया। साथ ही अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं का सुगम एवं पारदर्शी लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

अपर सचिव का यह भ्रमण जिले में त्वरित, पारदर्शी और डिजिटल राजस्व सेवाओं की उपलब्धता तथा वासविहीन परिवारों को भूमि संबंधी अधिकार उपलब्ध कराने के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!