

बक्सर: नई बाजार स्थित स्कूल में रोटरी क्लब बक्सर द्वारा सफलतापूर्वक सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में लोगों की जान बचाने के लिए आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी देना था।
मौके पर डॉक्टर दिलशाद आलम ने कहा कि सीपीआर प्रशिक्षण के माध्यम से हजारों जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि सही समय पर दी गई सीपीआर गंभीर मरीजों के लिए जीवनदान साबित हो सकती है।
रोटरी के एक पदाधिकारी राजीव जी ने कहा कि आज के समय में चिकित्सक भगवान के रूप में कार्य कर रहे हैं, जो अनगिनत जिंदगियां बचाते हैं। उन्होंने डॉक्टर दिलशाद आलम की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी के अध्यक्ष रहते हुए भी वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
रोटरी के प्रेसिडेंट इलेक्ट निर्मल कुमार सिंह एवं सचिव साहिल ने भी सीपीआर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि थोड़े से प्रशिक्षण से गंभीर मरीजों को समय रहते बचाया जा सकता है।
शिविर में लगभग 100 से 150 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया और सभी ने सीपीआर की व्यावहारिक ट्रेनिंग प्राप्त की। रोट्रैक्ट से राहुल, साबित, खिदमत हॉस्पिटल से प्रमोद, मनीष सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
शिक्षिका रश्मि ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है और भविष्य में आपात स्थिति में कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
कार्यक्रम के अंत में डॉक्टर दिलशाद आलम ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि रोटरी की ओर से स्कूल को एक सीपीआर डमी प्रदान की जाएगी, ताकि भविष्य में भी इस तरह का प्रशिक्षण निरंतर चलता रहे। स्कूल की ओर से सभी रोटरी सदस्यों का स्वागत राजीव जी द्वारा शॉल एवं मोमेंटो देकर किया गया।



