Others

कृतपुरा लक्ष्मीपुर में मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर बना गरीबों के लिए वरदान, अब तक 3 हजार से अधिक मरीजों को मिली नई रोशनी

बक्सर जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत कृतपुरा लक्ष्मीपुर गांव में रणछोड़दास महाराज चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में संचालित निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर गरीबों एवं जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रहा है। इस शिविर के माध्यम से अब तक लगभग तीन हजार से अधिक मरीजों का सफलतापूर्वक मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जा चुका है, जिससे हजारों लोगों को नई रोशनी मिली है।


इस शिविर की खास बात यह है कि इसमें केवल बक्सर जिला ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के बलिया और गाजीपुर से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। दूर-दराज से आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सम्मानजनक विदाई भी दी जा रही है।

सफल ऑपरेशन के बाद प्रत्येक मरीज को ट्रस्ट की ओर से प्रवीण भाई वसाणी के सहयोग से एक कंबल, एक साड़ी, दो किलो चावल, आधा किलो मीठी बूंदी, एक किलो गेहूं का आटा, आवश्यक दवाइयां, काला चश्मा एवं ₹100 किराया राशि देकर विदा किया जा रहा है। इससे मरीजों और उनके परिजनों में काफी खुशी और संतोष देखने को मिल रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मैनेजिंग ट्रस्टी प्रवीण भाई वसाणी ने बताया कि श्री रणछोड़दासजी बापू चैरिटेबल ट्रस्ट, राजकोट (गुजरात) द्वारा 15 दिसंबर से बक्सर-चौसा रोड स्थित कृतपुरा में निःशुल्क मोतियाबिंद महाशिविर का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का लक्ष्य आगामी 31 मार्च तक बक्सर जिला समेत आसपास के क्षेत्रों को मोतियाबिंद मुक्त बनाना है।


प्रवीण भाई वसाणी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पहले लक्ष्य 50 हजार मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन का रखा गया था, लेकिन यदि जरूरत पड़ी तो एक लाख मरीजों का भी नि:शुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सेवा पूरी तरह मानवता और समाज कल्याण की भावना से की जा रही है, ताकि कोई भी गरीब व्यक्ति आंखों की रोशनी से वंचित न रहे और बक्सर जिला 31 मार्च तक मोतियाबिंद मुक्त बन सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!