BlogOthers

रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए ब्लड बक्सर सम्मानित

बक्सर-भोजपुर में स्वैच्छिक रक्तदान और जागरूकता अभियान के लिए पटना में मिला सम्मान

बक्सर. स्वैच्छिक रक्तदान एवं रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संगठन ब्यूटीफुल लाइफ ऑनली ऑन डोनेटिंग ब्लड बक्सर को बुधवार को पटना में आयोजित State Voluntary Blood Donation Organizers Conclave 2026 में सम्मानित किया गया. राज्य स्तरीय यह सम्मेलन बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (BSACS), स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में बापू टावर, गर्दनीबाग, पटना में आयोजित हुआ.

सम्मेलन में बक्सर और भोजपुर जिले का प्रतिनिधित्व ब्लड बक्सर की ओर से किया गया. संगठन की ओर से दोनों जिलों में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने, लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने तथा नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए किए जा रहे कार्यों को देखते हुए सम्मान प्रदान किया गया.

इस अवसर पर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रियेश और आदिल को उनके व्यक्तिगत रक्तदान तथा संगठन के माध्यम से किए जा रहे सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया. उन्हें यह सम्मान BSACS के परियोजना निदेशक सुमित कुमार (भारतीय प्रशासनिक सेवा) ने प्रदान किया.

526 नियमित रक्तदाता संगठन से जुड़े

संगठन के संस्थापक अध्यक्ष प्रियेश ने बताया कि ब्लड बक्सर की ओर से बक्सर और भोजपुर जिले में लगातार स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि संगठन से कुल 526 रक्तदाता जुड़े हैं, जिनमें 26 ऐसे नियमित रक्तदाता हैं, जो वर्ष में तीन से चार बार रक्तदान करते हैं. संगठन का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना है.

रक्तवीरों और स्वयंसेवकों को समर्पित सम्मान

आदिल ने कहा कि यह सम्मान केवल उनके या संगठन का नहीं, बल्कि उन सभी रक्तदाताओं, रक्तवीरांगनाओं, सहयोगियों और स्वयंसेवकों का सम्मान है, जो लगातार रक्तदान की मुहिम से जुड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि ‘हर घर रक्तदाता, घर-घर जीवनदाता’ के संकल्प के साथ रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा.

उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल किसी एक व्यक्ति की मदद नहीं करता, बल्कि किसी परिवार की उम्मीद बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसी उद्देश्य के साथ ब्लड बक्सर की ओर से रक्तदान जागरूकता अभियान और स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन आगे भी जारी रखा जाएगा.

संगठन की ओर से ‘हर बूंद बनेगी जिंदगी, हर कदम पर होगी इंसानियत’ के संदेश के साथ लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया जा रहा है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!