BlogOthers

30 सितंबर को बक्सर में राष्ट्रीय परशुराम परिषद का पैदल मार्च, पीएम-सीएम के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

बक्सर. जासो रोड में रविवार को राष्ट्रीय परशुराम परिषद की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गयी. परिषद के प्रदेश प्रवक्ता मल्लिकार्जुन राय ने संगठन की विभिन्न मांगों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि परिषद की ओर से एससी-एसटी एक्ट में संशोधन, आरक्षण की समीक्षा, भगवान परशुराम जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने और राष्ट्रीय सवर्ण आयोग के गठन की मांग प्रमुखता से उठायी जा रही है.

मल्लिकार्जुन राय ने कहा कि बिहार राज्य सवर्ण आयोग एवं उसके तहत नियुक्त सभी नोडल अधिकारियों की भी पूर्ण जांच और समीक्षा होनी चाहिए. जांच के दौरान यदि किसी स्तर पर अनियमितता या गलत तथ्य सामने आते हैं, तो आयोग एवं संबंधित व्यवस्था के पुनर्गठन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए.

उन्होंने बताया कि परिषद अपनी मांगों को लेकर बिहार के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजित करेगी. इसी क्रम में जिलाधिकारी के माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जायेगा. बक्सर में 30 सितंबर को कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा.

पैदल मार्च में शामिल होने की अपील

प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पैदल यात्रा मार्च भी निकाला जायेगा. उन्होंने सवर्ण समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर कार्यक्रम में शामिल हों और अपनी एकजुटता प्रदर्शित करें.

प्रेस वार्ता के दौरान परिषद की ओर से आगामी कार्यक्रमों और संगठन की रणनीति पर भी चर्चा की गयी. वक्ताओं ने कहा कि विभिन्न मांगों को लेकर समाज के लोगों को एकजुट किया जा रहा है और निर्धारित कार्यक्रम के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचायी जायेगी. प्रेस वार्ता में आशु राय, अंकित पांडेय सहित राष्ट्रीय परशुराम परिषद से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे.


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!