— धनसोई में एनडीए की जनसभा में उपेन्द्र कुशवाहा का बयान, कहा – “नीतीश कुमार ही रहेंगे बिहार एनडीए के मुखिया, झूठे प्रचार से जनता रहे सावधान


बक्सर। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए का प्रचार अभियान लगातार तेज हो गया है। मंगलवार को धनसोई हाई स्कूल मैदान में आयोजित एनडीए प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला के समर्थन में आयोजित जनसभा में राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख एवं राज्यसभा सांसद उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि “बिहार में जो विकास की रफ्तार आज दिखाई दे रही है, वह एनडीए सरकार की देन है। हमारी सरकार ने हर वर्ग और समाज के लोगों का समान रूप से विकास किया है, किसी एक जाति या वर्ग का नहीं।”

कुशवाहा ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि “कुछ नेता झूठे प्रचार और भ्रम फैलाकर जनता को बरगलाने का काम कर रहे हैं। जनता को इनके बहकावे में नहीं आना चाहिए। इस बार राजपुर विधानसभा की जनता का लक्ष्य होना चाहिए कि संतोष निराला को पूरे शाहाबाद में सर्वाधिक मतों से विजयी बनाया जाए।”
उन्होंने मीडिया में चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए स्पष्ट कहा कि “बिहार में एनडीए सरकार के नेता नीतीश कुमार थे, हैं और रहेंगे — इसमें कोई किंतु-परंतु नहीं है।”
कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि “राज्य सरकार ने चुनाव पूर्व ही महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये भेजे हैं, और सरकार बनने के बाद यह राशि बढ़ाकर 2 लाख रुपये तक दी जाएगी।”
साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राशन, मेडिकल, आवास और जनगणना जैसे अनेक योजनाओं का लाभ अब सभी जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है।”

सभा के अंत में उपेन्द्र कुशवाहा ने मंच से संतोष निराला को जीत का माला पहनाकर विजय का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर संबोधन के दौरान संतोष निराला ने जनता से एक बार फिर सेवा का अवसर देने की अपील की और कहा कि वे क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों के लिए लगातार समर्पित रहेंगे।
सभा में भाजपा, जदयू, हम सेक्युलर और लोजपा (रामविलास) के कई नेताओं ने मंच साझा किया और अपने-अपने संबोधन में जनता से एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
मौके पर बलिराम कुशवाहा, राजवंश सिंह, अशोक कुमार यादव, इंदु देवी, सुधा गुप्ता, श्रीभगवान कुशवाहा, काशी सिंह, अरुण कुमार सिंह, फुटचंद कुशवाहा, लखन मल्होत्रा समेत सैकड़ों एनडीए कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।



