अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अग्निशामालय बक्सर में लैंगिक उत्पीड़न पर सेमिनार आयोजित

बक्सर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अग्निशामालय बक्सर कैंपस में महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अग्निशामालय बक्सर तथा गृहरक्षक विभाग की महिला कर्मियों ने भाग लिया।
सेमिनार का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा कार्यस्थल पर होने वाले लैंगिक उत्पीड़न के प्रति सतर्क रहने और उसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में जिला समादेष्टा सह अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह, अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी बक्सर सुनंदा कुमारी तथा अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी डुमरांव शिखा कुमारी की उपस्थिति में यह आयोजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अधिकारियों ने महिला कर्मियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा महिलाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ निडर होकर आगे आने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई और सभी ने मिलकर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करने का संकल्प लिया




