चलती ट्रेन में चोरी की वारदात, बक्सर में दो चोर गिरफ्तार
चेन पुलिंग कर फरार हुए थे आरोपी, RPF-जीआरपी की तत्परता से चोरी का सामान बरामद

बक्सर। चलती ट्रेन में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो चोरों को RPF और GRP की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दानापुर कंट्रोल से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 01144 में बक्सर (BUE) से बक्सर (BXR) के बीच चोरी की घटना हुई है। घटना के बाद दोनों चोर चेन पुलिंग कर ट्रेन से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे थे।
सूचना मिलते ही RPF बक्सर और GRP बक्सर की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक मोबाइल फोन, 6490 रुपये नकद और एक ब्लेड बरामद किया गया।
गिरफ्तार चोरों की पहचान राज कुमार (21 वर्ष), पिता अनिल कुमार, निवासी पटना साहिब (पटना) तथा फिरदौस आलम (40 वर्ष), पिता नियाज आलम, निवासी शास्त्री पार्क, सीलमपुर (दिल्ली) वर्तमान दिलदारनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से यात्रियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।




