
बक्सर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज नाव हादसे में करीब 13 लोगों की मौत के बाद बक्सर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में रविवार को सदर एसडीएम अविनाश कुमार एवं एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बक्सर के प्रसिद्ध रामरेखा घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर मौजूद नाविकों, पंडा समाज एवं स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने नाविकों से कहा कि सभी नावों एवं स्टीमर पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट अनिवार्य रूप से रखें तथा यात्रियों को भी लाइफ जैकेट पहनाकर ही नाव पर बैठाएं।
एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि मौसम खराब होने अथवा तेज हवा चलने की स्थिति में नावों का परिचालन तत्काल बंद कर दिया जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने घाट पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी नाविकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

वहीं एसडीपीओ गौरव पांडेय ने कहा कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान पंडा समाज एवं नाविकों ने भी प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने घाट पर मौजूद सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जबलपुर हादसे के बाद प्रशासन की इस पहल को लेकर घाट क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है। आने वाले दिनों में गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।




