
बक्सर। नगर परिषद बक्सर की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव प्रक्रिया नगर परिषद सभागार में निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीएम बक्सर अविनाश कुमार की देखरेख में सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई। इस दौरान कुल 13 पार्षद उपस्थित रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समिति के लिए कुल सात प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इनमें राजू कुमार राय उर्फ झब्बू राय, दिलीप कुमार एवं अंजू सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं दो सीटों पर मुकाबला हुआ, जिसमें पार्षद बबन सिंह के खिलाफ चक्रवर्ती चौधरी तथा पार्षद मनोज कुमार गुप्ता के खिलाफ जगदीश कुमार ने नामांकन किया था।
मतदान के दौरान बबन सिंह को कुल 10 मत प्राप्त हुए, जबकि चक्रवर्ती चौधरी को दो मत मिले। वहीं मनोज कुमार गुप्ता को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि जगदीश प्रसाद को तीन मत मिले। इस प्रकार पूर्व के कुल पांच सदस्यों का दोबारा चयन हुआ और समिति का नवीनीकरण हो गया।

चुनाव संपन्न होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी अविनाश कुमार ने सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके पश्चात शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला उप विकास आयुक्त निहारिका छवि आब्जर्वर के रूप में मौजूद रहीं। इसके अलावा अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियमतुला फरीदी ने चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर सभी पार्षदों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्षदों ने पूर्व की समिति पर भरोसा जताते हुए नगर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।




