BlogOthers

ग्रामीणों को आर्थिक सुरक्षा का संदेश देगा बीमा रथ, बक्सर के सभी क्षेत्रों में करेगा भ्रमण

बक्सर। डाक जीवन बीमा (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को नियाजीपुर बाजार से विशेष “बीमा रथ” रवाना किया गया। रथ का शुभारंभ मुख्य अतिथि टेलीकॉम बोर्ड के सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विजय कुमार मिश्रा तथा बक्सर की डाक अधीक्षक श्रीमती कुमारी सरिता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि विजय कुमार मिश्रा ने कहा कि डाक विभाग की बीमा योजनाएं सुरक्षित और भरोसेमंद योजनाओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कम प्रीमियम में बेहतर लाभ देने वाली इन योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को जुड़ना चाहिए। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी 20 लाख रुपये का डाक जीवन बीमा (PLI) कराया। साथ ही उन्होंने लोगों से सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 वर्ष तक की बच्चियों का खाता खुलवाने की अपील की।

डाक अधीक्षक श्रीमती कुमारी सरिता ने बताया कि बीमा रथ का उद्देश्य जिले के ग्रामीण और दूर-दराज इलाकों तक डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा की जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकारी बीमा योजनाओं के माध्यम से लोग अपने परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं।

डाक निरीक्षक (डुमरांव) श्री रणजीत कुमार ने ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि कम आय वर्ग के लोग भी इस योजना से आसानी से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि RPLI के तहत न्यूनतम 10 हजार रुपये की बीमित राशि से भी बीमा कराया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि बीमा रथ बक्सर जिले के सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से लाउडस्पीकर, पंपलेट और डाक कर्मियों की टीम लोगों को योजनाओं के लाभ और प्रक्रिया की जानकारी देगी।

कार्यक्रम में सहायक डाक अधीक्षक (मुख्यालय) पुष्पेंद्र कुमार, सहायक डाक अधीक्षक (बक्सर अनुमंडल) नवीन कुमार, डाक निरीक्षक (रघुनाथपुर) मनीष कुमार सहित डाक विभाग के कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!